Tuesday, November 11, 2008

मैं सुलग रहा हूँ

मैं सुलग रहा हूँ ...
इस धधकती आग में ,
अपना शीश नीचे किए
धूम्र को कंठ पिए |

मैं सुलग रहा हूँ ...
इन अनजाने जज्बातों में ,
जो असत्य कसौटी पर
जगाते दिल में डर |


मैं सुलग रहा हूँ ...
अपनी ही इच्छाओं की गोद में ,
जो मर रही हैं कब से
छुपता रहा जिन्हें सब से |

मैं सुलग रहा हूँ ...
चेहरों के इस आशियाने में ,
जिसमें हर चेहरा मेरा है
फ़िर भी अक्स तेरा है |

मैं सुलग रहा हूँ ...
योजनाओं के अखाडे में ,
जो मुझे तोड़ रही हैं
बेबस सा अलग छोड़ रही हैं |

मैं सुलग रहा हूँ ...
सपनो के संसार में ,
जिसे वास्तविकता बनाना था
एक बाग़ नया सजाना था |

मैं सुलग रहा हूँ ...
अपनी तन्हाई में ,
जो साथ हो सकता था
मरू में एक पात हो सकता था |

मैं सुलग रहा हूँ ...
अपनी ही बातों में ,
जो दिल में होनी थी
मौके पर खोनी थी |

मैं सुलग रहा हूँ ...
लेकिन आज भी आता नही कोई ,
ये समझने कि मैं कहाँ बहा हूँ ...
मैं क्यूँ सुलग रहा हूँ !!!!!

Wednesday, October 22, 2008

दीपावली संदेश

जगमग दीपो की एक माला....
आओ प्यारो खूब सजाओ ,
केवल प्रेम सहिष्णु राग का ...
कोमल ढोलक आज बजाओ |

अन्धकार का दमन करें हम ..
नव ज्योति से यही है आशा ,
धरा में किंचित स्थान न छूटे ..
आज हमारी ये अभिलाषा |

राम चरण पड़े थे कभी अब ..
हमें है दौड़ में आगे आना,
सुंदर भारत अपना भारत ..
जिसे रामराज्य है हाँ बनाना |

खील समान उज्जवल हो जीवन ...
बताशों की खनक भी चहके ,
मिष्ठानों के इस मेले में ...
सर्व जन खुशबू बन के महके |

मिलकर रहें सभी भल मानुष...
हिंसा का अब न हो प्रसार,
उस जीत में क्या रखा है !!!!!
जिसमें मिले जीत कर हार |

हो सके तो इस दिवाली ...
यही बात सबको समझाओ,
छोड़ के सारे तोड़ के सारे ...
ताले आज वहाँ उड़ जाओ ..

जहाँ छुपा है रोशनी का ...
पुंज अनोखा, ये सिखलाओ ...
सूरज नही बन सकते हो तो ...
दीपक बन कर तुम दिखलाओ |

Wednesday, October 8, 2008

प्रभात

चाँद भी इठला रहा है ...उधार के इस तेज पर
तारे बाराती बने हुए है ...व्योम रुपी सेज पर

दूर कहीं से दिख रही है ,,लालिमा की वो छवि
कुछ नही है सूझ रहा ..निस्तब्ध हो गया कवि |

भानु अपने सारथी संग ..पताका लहरा रहा है
निशा को जीतने का ..ध्वज अभी फहरा रहा है |

कोयलों की कूक से ...गुंजित हो गई दिशा
लौट आने का वादा किया ..और चली गई निशा |

पुष्प भी सौंदर्य का ..भान अब करने लगे हैं ...
पत्र भी ओस से ..मांग अब भरने लगे हैं |

एक बूँद ही है ओस की ..भाग्य अपना लिख गई ...
एक खो गई है भीड़ में ...एक मोती बन दिख गई |

दूब भी अब हरितिमा से ..लो लबालब भर गई ...
सूरजमुखी की गात पर ...जादू अनोखा कर गई |

कमल दल भी हो प्रसन्न...पंखुडी खोलने लगे ...
पुष्प किस्मत धन्य कर ..ईश पद डोलने लगे |

समीर भी चल पड़ी है ...पुरवाई से कर जिरह ..
तम देखो रो रहा है ...कैसा भयानक है विरह |

किसान का स्वेद बिन्दु ...बैलों की नुपुर झंकार .
मधुर तान का आना बाना ...शांत है वो फुंकार |

प्रभात की ये मधुर बेला ...आओ इसको नमन करें ...
इसकी सादगी ताजगी खुशबू...स्व जीवन में वहन करें ...

वतन की माटी की खुशबू है...आओ बढाएं अपना हाथ ..
आप सब का मधुर जीवन हो ..आते रहे नव प्रभात |


~वैभव

Sunday, September 14, 2008

निहारिका

निहारिकाओं का अद्भुत संगम ...
कहीं दूर गोचर हुआ ...
फूटी एक अद्भुत किरण ..
धन्य वो अम्बर हुआ !

टिमटिमा कर उसने कहा ..
रोशनी को भर लो वहाँ ...
चाँदनी को ख़ुद में समेटे ..
मयूर नाच रहा है जहाँ !

कोयल के गले से आगे ..
निकली वो तान कहीं जा के ..
छू गई अंतर्मन को एसे ..
चकोर जैसे चांदनी में जागे !

फ़िर चाँद भी शरमाकर बोला ...
प्रेम पुलिंदों का बाँध एक खोला ..
बस एक आरजू मन में लिए ...
कितना निश्छल कितना भोला !

तारों की भी बारी आई ...
कितने नेत्रों को साथ में लायी ...
निहारते रह गई निहारिका वो ..
पलकें झुका कर लजाई !

अब सूर्य आ गया था ...
लाल वर्ण छा गया था ...
निहारिका की हामी को ...
लालिमा से सजा गया था !

फ़िर भी चाँद, तारे और चातक ...
लिए जिनके रात प्यारी दिन घातक ..
मन में एक सपना लिए ...
इन्तजार कर रहे हैं..
पल पल मर रहे हैं !!!

फ़िर भी कहते हैं वो हंसकर ..
हे निहारिका ! बधाई हो ...
हम अभागों के घाव न गिन ...
तुझे मुबारक तेरा जन्मदिन !!!

Thursday, September 11, 2008

पुकार

व्योम भी गरजता है, परमाणु के सिंहनाद से ..
भीरु बच सका है क्या कभी अंतर्नाद से !

चिंगारियां उठती हैं जब नसों में हो रक्त सा ..
तीन लोक काँपते हैं थम जाता है वक्त सा ..

दिशायें रहम की भिक्षुक बन मार्ग बदलने लगती हैं ..
जब विजय का स्वप्न लिए कहीं दो अक्षि जगती हैं ..

कायरों के लिए नहीं है धरा का ये रण विज्ञान ...
लोरी नही बजती यहाँ चीत्कार लेती है प्राण ...

इसमें है कूदना तो पहले तनिक थम कर सोच लो ...
डर का चील बैठा कहीं तो उतर उसको नोच लो ...

भावनाओं की मधुर कली, है नही खिलती यहाँ ...
न क्षमा कर पाओगे , न क्षमा मिलती यहाँ ...

फ़िर अगर गये हैं प्राण रण में तो कोई चिंता नही ..
वीर हो तुम वीर से शौर्य कभी चिंता नहीं ...

तू ही वो वीर है जो ये कर्म युद्ध जीतेगा ..
तेरा एक एक पल सहस्त्रों वसंत सा बीतेगा ...

Thursday, September 4, 2008

शिक्षक दिवस पर नमन

शिक्षक है वो ज्योत जिस पर है खड़ा ये सभ्यता का ...
अनूठा इतराता मन्दिर नाचता सा शोभता सा ...

शिक्षकों ने है बनाई समाज की हर एक धुरी ..
जिसपर घूमे मुकुटमणि कुछ फैलता सा , खेलता सा ...

उनका कोई ऋण है तो वो है अकलुषित प्रेम सर्ग ...
जिसका ध्वज हाथों लिए तू घूमता सा नाचता सा ..

मन को अब स्वीकार कर कि उनका ही पथ दिख रहा ..
जिसमें चल पड़ा है तू अब बोलता सा डोलता सा ...

बिम्ब के जैसे जिए हैं वो अनोखे भाव से ...
प्रतिबिम्ब बन जा जरा तू देखता सा भालता सा !!

शमा और तूफ़ान

भीड़ में चलते हुए एक बात मुझको चुभ गई ...
तूफ़ान में जलती हुई शमा अचानक बुझ गई ?

आग है वो शक्ति जिसमें जलाने की चाह है ...
फ़िर कौन है तूफ़ान जिसकी ये अचंभित राह है ?

अस्तित्व के लिए लड़ी वो आखिरी है साँस अब ..
चिंगारी बन चुकी है ज्वाला गले में है फांस अब ..

शमा फ़िर भी हार माने ये कभी मुमकिन नहीं...
लौ को ज्वाला बनने में भी देर लगती है कहीं !!

तूफ़ान गर तू सोचता है पर्वतों को हिला देगा ...
इस तड़पती एक शमा को निर्विरोध बुझा देगा ..

ग़लत है ये भ्रम है तेरा हो कभी सकता नहीं ...
निश्चयों के दिग् समर में भीरु भी खपता नहीं ...

तू रहेगा तो ये लौ चिंगारियों में ढल जायेगी ...
तू रहेगा तो भी लौ बुझी है न कभी बुझ पायेगी ...

अपने जाने के बाद सर घुमा कर देख ले ...
वो खड़ी है गर्व से ख़ुद को प्रज्ज्वाल्लित किए ...

फ़िर भी तेरा मान रखकर कर गई है ये दुआ ...
तू फ़िर से जोर आजमाइश कर के तो दिखला जरा !!